BK Kusum Didi and BK Nisha lighting pure cow ghee lamps during Diwali at Brahma Kumaris Sector 52 Ardee City Gurugram
Dignitaries and senior Rajyoga teachers light pure cow ghee lamps to mark a pollution-free Diwali at Brahma Kumaris Centre, Sector-52 (Ardee City), Gurugram.

गाय के शुद्ध घी के दीप जलाकर मनाएं प्रदूषण-मुक्त एवं सात्विक दीपावली: राजयोगिनी बीके कुसुम दीदी

आर्डी सिटी (सेक्टर-52, गुरुग्राम) में संपन्न हुआ भव्य दिव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह; सजीव श्रीलक्ष्मी स्वरूप, मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य और दीप-रंगोली रही मुख्य आकर्षण का केंद्रगुरुग्राम।

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के आर्डी सिटी (सी5/04, मदर डेयरी के समीप, सेक्टर-52) स्थित राजयोग ध्यान केंद्र पर पावन दीपावली महापर्व के उपलक्ष्य में ‘दिव्य दीपावली स्नेह मिलन’ समारोह का अत्यंत भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्ध जनों एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समारोह में वातावरण को शुद्ध, सकारात्मक एवं पावन बनाए रखने के उद्देश्य से गाय के शुद्ध घी के अनेक दीपक प्रज्वलित कर प्रकृति के संरक्षण तथा प्रदूषण-मुक्त व सात्विक दीपावली मनाने का पावन जन-संदेश दिया गया।कार्यक्रम के मुख्य मंच पर डीएलएफ फेज-दो की सर्कल इंचार्ज आदरणीय राजयोगिनी बीके कुसुम दीदी, वरिष्ठ राजयोगी भ्राता बीके रत्नाकर जी एवं सेक्टर-52 केंद्र की शाखा प्रभारी बीके निशा दीदी गरिमामयी उपस्थिति में मंचासीन रहीं। इस कार्यक्रम पर बीके सोनी दीदी, बीके अंजलि दीदी एवं बीके राजबीर भाई सहित क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ साधक एवं प्रबुद्धजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के शुभारंभ पर शाखा प्रभारी बीके निशा दीदी ने मंचासीन वक्ताओं व अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया।समारोह के सांस्कृतिक अनुभाग में फूलों की दिव्य पंखुड़ियों से सजी आकर्षक रंगोली के मध्य चैतन्य श्रीलक्ष्मी जी का सजीव एवं भव्य दिव्य स्वरूप सबके आकर्षण का केंद्र रहा। नन्हें बाल कलाकारों द्वारा भक्ति भाव एवं उमंग से परिपूर्ण मधुर स्वागत गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसकी सजीव ताल और लय ने सभागार में उपस्थित प्रत्येक जन को भावविभोर कर दिया।

सभागार में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राजयोगिनी बीके कुसुम दीदी ने कहा कि दीपावली वास्तव में स्वयं को एक चैतन्य ज्योति (आत्मा) समझकर अंतर्मन में ज्ञान, पवित्रता, प्रेम और सद्भाव का अविनाशी दीपक प्रज्वलित करने का महापर्व है। उन्होंने कहा कि बाह्य रूप से पटाखों के धुएं और ध्वनि से पर्यावरण को दूषित करने के स्थान पर हमें गाय के शुद्ध घी के दीप जलाकर वातावरण को सात्विक बनाना चाहिए और अपने स्वभाव से व्यर्थ संकल्पों व बुराइयों के अंधकार को सदा के लिए समाप्त करना चाहिए। जब अंतर्मन में ज्ञान का प्रकाश जगमगाता है, तभी जीवन में सच्ची सुख-समृद्धि और दिव्यता का वास होता है।

विशिष्ट वक्ता राजयोगी भ्राता बीके रत्नाकर जी ने आध्यात्मिक रहस्य स्पष्ट करते हुए कहा कि जब आत्मा ज्ञान-अंजन (ज्ञान का काजल) धारण करती है, तो अज्ञानता का समस्त अंधकार स्वतः ही मिट जाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार परमात्मा हर आत्मा को तन और मन से सच्चा सुख व आराम प्रदान करते हैं, उसी प्रकार राजयोग ध्यान के द्वारा परमात्मा से संबंध जोड़कर अंतरात्मा को ईश्वरीय शक्तियों से भरपूर करना ही सच्ची दीपावली है। शाखा प्रभारी बीके निशा दीदी ने सभी अतिथियों व साधकों का आभार व्यक्त करते हुए त्योहारों के नैतिक व आध्यात्मिक स्वरूप को अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंतर्गत सभी मंचासीन बहनों व भाइयों तथा उपस्थित साधकों ने फूलों से सजी दीप-वेदी पर सामूहिक रूप से गाय के शुद्ध घी के मंगल दीप प्रज्वलित किए। इसके उपरांत लाल प्रकाश के अत्यंत शांत व एकाग्र वातावरण में सामूहिक राजयोग ध्यान संपन्न हुआ, जिसमें सभी ने परम शांति और सकारात्मक ऊर्जा का गहन अनुभव किया। समापन पर सभी श्रद्धालुओं को पावन ईश्वरीय टोली व प्रसाद वितरित किया गया।

By Gurugram Brahma Kumaris

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय गुरुग्राम आपका हार्दिक स्वागत है। गुरुग्राम स्थित विभिन्न सेवाकेंद्रों द्वारा आयोजित आध्यात्मिक सत्रों, राजयोग मेडिटेशन, जीवन प्रबंधन कार्यशालाओं और मूल्य-आधारित जीवन शैली के कार्यक्रमों के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *